प्रेम गावंडे
उपसंपादक
दखल न्युज भारत
देवली, वर्धा में 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित चौथी ओपन राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में ट्रेडिशनल एंड स्पोर्ट कराटे-डो एसोसिएशन, चंद्रपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चंद्रपुर से कुल 10 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट अचीवमेंट ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया।
सबसे बड़ी उपलब्धि अंडर-17 ब्लैक बेल्ट चैंपियन ऑफ चैंपियंस बालक वर्ग में करण अहीरवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-14 ब्लैक बेल्ट चैंपियन ऑफ चैंपियंस बालक वर्ग में नचिकेत काले ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके अलावा पदक विजेताओं में अकबर अली तथा किमिया बांद्रे ने काता और कुमिते दोनों वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरे स्वर्ण पदक अपने नाम किए। लावण्या महकुलकर ने काता में स्वर्ण एवं कुमिते में रजत पदक प्राप्त किया। निहाल दोहतारे ने कुमिते में स्वर्ण तथा काता में कांस्य पदक जीता। अनाया भाटकर ने काता वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। कोमल राखुंडे ने कुमिते में रजत तथा काता में कांस्य पदक प्राप्त किया। श्री दादमल ने काता एवं कुमिते दोनों वर्ग में कांस्य पदक जीत , जबकि सारा अली ने काता वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में टीम के साथ मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई विनय पावुराला उपस्थित रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का निरंतर मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। वहीं सहायक प्रशिक्षक सेंसेई लोकेश बाघावा ने भी खिलाड़ियों की तैयारी और प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने सभी विजेताओं को बधाई दी। टीम को प्राप्त बेस्ट अचीवमेंट ट्रॉफी और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने चंद्रपुर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है। यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा भविष्य में कराटे के क्षेत्र में और अधिक सफलताएं प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।



